| मैं और बच्चन भैया |
![]() |
| नागपुर का पंचशील टाकीज चौक |
जीवन में ऐसी अनेक बातें होती हैं जो बचपन में निरर्थक लगती हैं लेकिन बड़े होने के बाद उनके बारे में सोचकर देखें तो लगता है उनमे भी कुछ न कुछ अर्थ निहित होता ही होता था ।
मौसी और बुआ इनमे बड़ा कौन होता है ?
नागपुर स्टेशन पर उतरने के बाद बाबूजी कभी हम लोगों को सीधे मौसी के यहाँ इतवारी नहीं ले गए । वे हमेशा हम लोगों को बड़ी बुआ के यहाँ धंतोली ही ले जाते थे । माँ ने कभी इस बात को लेकर न कोई ज़िद की न कोई झगड़ा किया कि उन्हें पहले अपनी बहन के यहाँ जाना है । वैसे वे चाहतीं तो कह सकती थीं कि “पहले मेरी बहन के यहाँ चलो” और बाबूजी को इसमें कोई हर्ज भी न होता क्योंकि माँ के बहनोई बाबूजी के चचेरे भाई भी तो थे ।
मामा और चाचा इनमे बड़ा कौन होता है
हालाँकि मुंबई की यात्राओं में बाबूजी स्टेशन से सीधे दयानंद मामाजी के यहाँ माटुँगा जाते थे जबकि मुंबई में प्रभादेवी में उनके चचेरे भाई वीरेंद्र कोकाश रहते थे । हाँ अगले दिन वे हम सब लोगों को वहाँ अवश्य ले जाते । मुझे लगता था कि नागपुर यात्रा में माँ की अनकही शिकायत वे मुंबई यात्रा में दूर कर देते थे । वैसे यह सिलसिला वीरेंद्र चाचाजी के मुंबई आने के बाद यानि सन पचहत्तर के बाद ही शुरू हुआ । उससे पहले तो मुंबई केवल मेरे मामा का गाँव था ।
बड़े होने के बाद मैंने इस बात पर विचार किया तो मुझे कुछ सूक्ष्म कारण नज़र आये । नागपुर में स्टेशन या बस स्टैंड से सीधे बड़ी बुआ के यहाँ धन्तोली जाने की वज़ह यह थी कि स्टेशन और बस स्टैंड सीताबर्डी क्षेत्र में आता था और धन्तोली उससे काफी करीब था । जबकि इतवारी की दूरी उसके दुगुने से भी अधिक थी । ज़ाहिर है वहाँ सामान सहित जाने में रिक्शा भाड़ा अधिक लगता । पहले के लोगों के मन में भाई बहनों के प्रति प्रेम की कोई कमी नहीं थी लेकिन जेब में पैसे कम हुआ करते थे, इसलिए व्यावहारिकता को प्रसन्न करने के लिए भावुकता और प्रेम की बलि चढ़ानी पड़ती थी ।
![]() |
| आनंद टाकीज नागपुर |
नागपुर स्टेशन से धन्तोली की ओर बढ़ते हुए साइकिल रिक्शे वाला बस कुछ ही पायडल मारता और फिर एक लम्बी साँस खींचकर रिक्शे की सीट पर बैठ जाता ।
सीधी ढलान से ढुलकता हुआ रिक्शा टेकड़ी वाले गणेश मंदिर के सामने से होते हुए लोहा पुल तक पहुंचता ।
फिर शनि मंदिर के बाद दाहिना मोड़ आते ही आनंद टाकीज़ आ जाती थी । बाबूजी आनंद टाकीज के सामने साईकिल की एक दुकान की ओर उंगली उठाकर कहते वहाँ शम्भुदयाल जीजा की दुकान है ।
शम्भुदयाल कोकास शिवनाथ फूफाजी के भाई थे और उन्होंने उस ज़माने में जुगाड़ कर तीन गियर वाली एक साइकिल बनाई थी । अब यहाँ उनकी दूकान तो नहीं है लेकिन लाइन से अनेक साइकिल दुकाने हैं
उन्ही की दुकान से लगी गली से तेलीपुरा मोहल्ले की शुरुआत होती है ।
इस गली में बड़े होने के बाद भी काफी समय आना जाना हुआ । यहाँ छोटेलाल जी का घर है जिनकी पुत्री उषा से ब्याह रचाने हेतु प्रदीप भैया बारात लेकर गए थे और अपने टेप रिकार्डर के साथ विवाह की लाइव ऑडियो रिकार्डिंग करने के लिए मैं भी उस बारात में शामिल हुआ था । इसी मोहल्ले में आजकल रीजनल कॉलेज भोपाल की मेरी क्लासमेट अर्चना श्रीवास्तव रहती हैं जो फुटपाथ पर रहने वाले बच्चों के स्वास्थ्य एवं शिक्षा के लिए एक ‘उपाय’ नमक एक संस्था चलाती हैं । अर्चना के पिता बिहारीलाल जी श्रीवास्तव हिंदी भाषी संघ विद्यालय में शिक्षक थे साथ ही शैक्षणिक पुस्तकों के प्रकाशक भी थे ।
आनंद टाकीज़ अब बंद पड़ी है और किसी विवाद की वज़ह से वह अपने पुराने रूप में सुरक्षित है साथ ही उसी लाइन में श्याम होटल की इमारत है डॉ बाबासाहेब आम्बेडकर जब भी नागपुर आते थे वे इसी होटल में ठहरते थे इसलिए इस इमारत को उनके स्मृतिचिन्ह के रूप में सुरक्षित करने की मांग की जा रही है ।
![]() |
| श्याम होटल बाबासाहेब का अस्थायी निवास |
रिक्शा आगे बढ़ता जाता था और बाबूजी दृष्टि के दायरे में आनेवाली उन जगहों के बारे में बताते जाते थे । तेलीपुरा की इस गली के बाद कुछ तंग सी गलियाँ और थीं जिनके नाम मोदी नंबर एक, मोदी नंबर दो, मोदी नंबर तीन कुछ इस प्रकार के थे । मोदी यह नाम पहली बार मैंने इसी सिलसिले में सुना था । मुझे पता नहीं था बाद में यह नाम सिर्फ गली तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि देश से जुड़ जायेगा और देश के लोगों की दिमाग की गलियाँ भी इसी नाम की हो जाएँगी ।
आनंद टाकीज के बाद उसी मार्ग पर श्री टाकीज़ आती थी, आजकल जहाँ बैंक ऑफ़ महाराष्ट्र का चौक है , उसके आगे NEEDOS बार एंड रेस्टारेंट जहाँ मुन्ना भैया यानी प्रकाश चन्द्र कोकास मैनेजर थे ।
![]() |
| नीडोस |
फिर एक बायाँ मोड़ और नाग नदी का पुल पार करते ही मेहाड़िया चौक ।
![]() |
| MEHADIYA CHAUK |
![]() |
| नाग नदी |
मेहाड़िया चौक से धन्तोली एरिया शुरू हो जाता है । आज यहाँ विश्वविख्यात यशवंत स्टेडियम है जो उन दिनों नहीं था ।
![]() |
| यशवंत स्टेडियम |
![]() |
| आनंदाश्रम होटल जो आज भी वैसा ही है |
धन्तोली पार्क का पश्चिम की ओर का गेट दिखाई दे जाता और मैं समझ जाता बस अगले चौक पर पार्क के कोने से दाहिने मुड़ना है । यहीं आगे नानीवड़ेकर और भाग्योदय मंगल कार्यालय थे यानि मैरिज प्लेस ।
फिर पूर्व की ओर का गेट आयेगा उसके सामने पार्क एवेन्यू स्ट्रीट और उसमे दाहिनी ओर शिवनाथ फूफाजी का मकान ‘359 पार्क एवेन्यू’ । यह नाम मुझे किसी कहानी उपन्यास या फिल्म के नाम की तरह लगता था । बाद में आई शशिकपूर की फिल्म ’36 चौरंगी लेन ‘ मैंने इसी वज़ह से देखी थी ।
![]() |
| शिवनाथ फूफाजी का मकान |
निचली मंजिल में सामने दालान, फिर एक बड़ा सा हाल उसके पीछे स्पेस । यहाँ से लकड़ी की सीढियाँ शुरू होती थीं जो बीच में एक लैंडिंग से मुड़कर ऊपर हाल तक पहुँचती थीं । इन सीढ़ियों पर कालीन नहीं बिछा था लेकिन इन पर पाँव रखते हुए किसी राजमहल की सीढियाँ चढ़ने का आभास होता था । पुरानी फिल्मों में एक बड़े से हाल से ऊपर की ओर जाती हुई सीढियां आपने देखी होंगी कुछ इसी तरह की थी यह सीढियां जिन पर चलते हुए धम्म धम्म की आवाज़ होती थी, आनेवाला किस मूड में है यह उसके सीढ़ियों पर चढ़ने के अंदाज़ से ही पता चल जाता था ।
स्पेस के बाद पीछे की ओर आँगन से लगा हुआ एक बड़ा सा रसोई घर, उसके बाद आंगन में बंधी हुई गाय, उसके बाद स्नान घर और लगभग पचास मीटर दूर शौचालय । नागपुर जैसे शहर के हृदयस्थल में गाँव की हवेली का आभास देते हुए फूफाजी के इस मकान के बाईं और दो ब्लॉक और थे जिन्हें उन्होंने किराये से दिया हुआ था । उनका पीछे का खाली हिस्सा भी इसी दूरी में शामिल था । अब यह तीनो मकान अपने नए आधुनिक रूप में तीनों भाइयों और उनके परिवार का आशियाना हैं
| पुराने घर की जगह अब नया घर है |
![]() |
| विद्या बुआ बाबूजी से भी बड़ी थीं |
दादी कर्मकांडी थीं लेकिन फूफाजी आस्थावान होते हुए भी काफी प्रगतिशील थे । आवास के परिसर में ही उन्होंने एक छोटा सा शिवमंदिर बनाया हुआ था जहाँ प्रतिदिन वे शिवलिंग पर जल चढ़ाते थे । दादी के निधन के पश्चात फूफाजी ने विधिवत अंतिम संस्कार के सभी कार्यक्रम किये लेकिन तेरहवीं पर ब्राह्मण भोज के लिए मना कर दिया । उनका कहना था कि मृतक की आत्मा की शांति के नाम पर पंडितों को भोजन करवाने की बजाय क्यों न ज़रूरत मंदों को भोजन करवाया जाए ।
तेरहवीं के दिन वे पास ही के अंध विद्यालय गए और वहाँ के छात्रावास से पंद्रह बीस दृष्टि बाधित बच्चों को ले आए । फिर उन्हें भरपेट भोजन करवाया तथा धन, वस्त्र और आवश्यकता की कुछ वस्तुएं देकर विदा किया । ज़ाहिर है कि इन बच्चों में सभी जाति और धर्म के लोग थे । उनके इस अनूठे कार्य का कुछ ऐसा प्रभाव हुआ कि अनेक लोगों ने फिर इसका अनुकरण करना प्रारंभ किया ।
बुआजी फूफाजी का परिवार मेरे लिए आज भी एक आदर्श परिवार की तरह है । उन दिनों बुआजी फूफाजी के इस परिवार में बड़ी बेटी श्यामा थीं जिनका विवाह नागपुर में ही हीरालाल जी से हुआ था और वे वहीं जरीपटका में रहते थे । उनके बाद रमा, निर्मला, प्रमिला तीन बेटियाँ और सतीश, प्रदीप, दीपक तीन बेटे । फूफाजी के बड़े बेटे जगदीश का सन इकसठ में ही एक सड़क दुर्घटना में निधन हो गया था ।
मेरे ताउजी मनमोहन कोकाश जिनकी ससुराल निकट ही कामठी में है बताते थे कि वे अपने साले साहब के साथ नागपुर अपनी बहन के यहाँ आ रहे थे कि रास्ते में उन्हें भीड़ दिखी, पता चला कि कोई नवयुवक सड़क दुर्घटना में घायल हो गया है । सहज मानवीय स्वभाव में या जल्दबाज़ी में ‘होगा कोई’ यह सोचकर वे वहाँ रुके नहीं । घर लौटने के कुछ समय बाद उन्हें ज्ञात हुआ कि वह तो उन्ही का भांजा जगदीश था ।
| फूफाजी के तीन बेटे सतीश प्रदीप दीपक |
फूफाजी के दुःख के बारे में क्या कहूँ । सन पचहत्तर में जब ‘शोले’ आई थी । उसमे एक दृश्य था जिसमे गब्बर सिंह रहीम चाचा के बेटे अहमद को मारकर घोड़े की पीठ पर उसे लादकर रामगढ़ भेज देता है । इस दृश्य में रहीम चाचा बने हंगल साहब का एक डॉयलाग था “जानते हो दुनिया का सबसे बड़ा बोझ क्या होता है ...बाप के कन्धों पर बेटे का जनाज़ा, इससे भारी बोझ कोई नहीं है।“
यह फिल्म देखने के बाद पहला ख्याल यही मन में आया कि शिवनाथ फूफाजी ने जब अपने युवा बेटे जगदीश की अर्थी अपने कन्धों पर उठाई होगी तब अपने आँसू भीतर ही भीतर जज़्ब करते हुए, बुआ को दिलासा देते हुए, क्या उन्होंने ऐसा ही कुछ नहीं सोचा होगा ?
स्मृतियों की इस यात्रा में फ़िलहाल नागपुर में मैं उतनी देर ही रुका हूँ जितनी देर दो स्टेशनों के बीच चलने वाली ट्रेन किसी बीच के स्टेशन पर ठहरती है । नागपुर मेरे भीतर किस तरह बसा है और आशा-निराशा, खुशी,रुमान,घुटन,विद्रोह जैसे कितने ही भावों के प्रथम प्रतिबिम्ब के जनक के रूप में मेरे भीतर इस शहर की उपस्थिति है इसका ज़िक्र शायद आगे के पन्नों में आये ।
जगदीश भैया की यह चिठ्ठी भेजते हुए बच्चन भैया यानी सतीश कोकास ने कहा था
| जगदीश भैया की चिठ्ठी |
शरद आशिर्वाद। कल अचानक कचरे से ऐसी चिट्ठी मिली
जिसे धरोहर का दर्जा दिया जा सकता है। ये चिट्ठी बडे भैया जगदीश ने 29-6-1961 को
नानाजी (बाबूलाल, बैतूल) को भेजी थी जो उन्हे 1-7-1961 को
मिल गयी थी। 2-7-1961 को भैया की एक्सीडेन्ट मे मौत हो गयी। बडे मामा सूचना मिलने
पर अन्त्य संसकार मे आते समय ये पत्र लेकर आये व बप्पा को दिये जो अब तक सुरक्षित
है। मै लेमिनेट करवा रहा हू।
नई पीढ़ी











.jpg)



.jpg)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
आइये पड़ोस को अपना विश्व बनायें