ऐसा अनेक लोगों के साथ होता है कि वे जन्म किसी घर में लेते हैं , जीवन किसी और घर में बीतता है और अंत किसी और ही घर में होता है । स्त्रियों के लिये तो शायद यह नियति ही है कि उन्हे माँ- बाप के घर से पति के घर जाना होता है इस तरह दो घर तो उनके स्थायी होते ही हैं । लेकिन जब भी हम एक घर से दूसरे घर में जाते हैं यह जाना चुपचाप नहीं होता । न किसी घर को छोड़ते हुए सब कुछ छूटता है , न सब कुछ साथ जाता है ।
विदेश में कमरे
वहाँ विदेशों में
कई बार कई कमरे मैंने छोड़े हैं
जिन में छोड़ते समय
लौटकर देखा है
कि सब कुछ
![]() |
| किराये का मकान छोड़ते हुए गृहणी व कवि का संसार |
ज्यों का त्यों है न ?- यानि
कि कहीं कोई छाप
बची तो नहीं रह गई
जो मेरी है
जिसे कि अगला कमरेदार
ग़ैर समझे …।
इसी तरह जब भी हम किसी नए घर में प्रवेश करते हैं तो ऐसा लगता है वहाँ जीवन भर रहेंगे लेकिन एक दिन आता है जब उस घर को छोड़ना पड़ता है । ज़िन्दगी में कोई मकान स्थायी नहीं होता न कोई पता । अंत में उस मकान में जाना होता है जिसका पता भी हम नहीं जानते । अरे…मैं तो जीवन दर्शन बघारने लगा … लेकिन यह सच है कि कब्र को मकान कहने का ख्याल ऐसे ही किसी दार्शनिक को आया होगा ।
बहरहाल बैतूल के मेरे जन्मगृह से शुरू हुई मेरी यात्रा भंडारा , नागपुर , भोपाल , उज्जैन होते हुए दुर्ग तक आ पहुँची है । इतने शहरों में भी जाने कितने मकानों में रहा हूँ मैं । सोच रहा हूँ उन मकानों के बारे में और उन शहरों के बारे में श्रन्खलाबद्ध रूप से कुछ आलेख लिखे जायें । वैसे इस तरह के मेरे एक- दो आलेख मध्यभारत के अखबार ‘ लोकमत समाचार ‘ में प्रकाशित भी हुए हैं । इस श्रन्खला के लिये बहुत से नाम दिमाग में आ रहे हैं , जैसे......
1 मेरे बसेरे
1 मेरे बसेरे
![]() |
| मेरा जन्मगृह , बैतूल, मध्यप्रदेश |
2 जिन घरों में रहा हूँ मैं
3 मेरे आशियाने
4 जहाँ पे सवेरा हो
5 जहाँ मैंने रातें बिताईं
6 मेरे घरौन्दे
7 सर पर छत
8 मेरी ज़िन्दगी के ठिकाने
आप से मदद की गुजारिश है , इनमें से कोई एक नाम या इनके अलावा भी कोई अच्छा सा नाम मुझे सुझायें । हो सकता है , आगे चलकर यह लेख एक किताब की शक्ल अख़्तियार कर लें , अन्यथा ब्लॉग में तो आप इन्हे पढ़ ही लेंगे और इन मकानों की तस्वीरें भी देख लेंगे । मुझे विश्वास है कि इन घरों, मकानों, हॉस्टल के कमरों के वर्णन के साथ साथ , उस शहर , उस जनपद और उसके पास पड़ोस की संस्कृति , भाषा , जनजीवन के बारे में भी अकादमिक जानकारी से अलग बहुत कुछ आपको जानने को मिलेगा ।
फिलहाल सिर्फ़ एक तस्वीर मध्यप्रदेश के शहर बैतूल के इतवारी बाज़ार स्थित उस घर की जहाँ मेरा जन्म हुआ । इस घर और इस शहर के बारे में पढ़ियेगा अगली पोस्ट में ।
आपकी प्रतिक्रियाओं की प्रतीक्षा रहेगी मुझे ।


